इटावा। सपा सुप्रीमो और पूर्व सीएम अखिलेश यादव के चचेरे भाई अभिषेक यादव उर्फ अंशुल ने सोमवार को जिला पंचायत के 42वें अध्यक्ष के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
जिला पंचायत सभागार के बाहर बने भव्य पंडाल में जिलाधिकारी श्रुति सिंह 11 बजकर 40 मिनट पर पहुंचीं। इसके बाद उन्हें शपथ दिलाई। अध्यक्ष ने बाद में 23 जिला पंचायत सदस्यों का शपथ ग्रहण कराया। शपथ ग्रहण समारोह में सपा और प्रसपा के नेता मौजूद रहे। काफी देर तक बधाइयां देने और चांदी का मुकुट, पगड़ी पहनाने का दौर चलता रहा।
जिला पंचायत में सपा को पूर्ण बहुमत मिला है। 24 में 20 सदस्य सपा और प्रसपा के हैं। बाकी एक-एक सदस्य भाजपा और बसपा का तथा दो निर्दलीय हैं।
समारोह में भाजपा की एक मात्र निर्वाचित सदस्य नारायणी देवी भी शपथ ग्रहण करने पहुंचीं। सदस्यों में पंकज यादव, प्रेम सागर, शिवम पाल, डा. अरविंद यादव सहित सभी सदस्य मौजूद रहे।
अभिषेक यादव लगातार दूसरी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। जिला पंचायत पर पिछले 15 सालों से सपा का ही कब्जा है। अभिषेक यादव की मां प्रेमलता यादव भी दो कार्यकाल तक इस पर काबिज रह चुकी हैं।
ये रहे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में सपा जिलाध्यक्ष गोपाल यादव, पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, पूर्व चेयरमैन कुलदीप गुप्ता संटू, डा. अजंट सिंह यादव, प्रेेमलता यादव, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, जितेंद्र दोहरे, लाखन सिंह जाटव, पूर्व सांसद प्रदीप यादव, प्रधान सैफई रामफल वाल्मीकि सहित सपा के तमाम नेता मौजूद रहे। प्रसपा के प्रदेश महासचिव पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता सहित प्रसपा के नेता भी पहुंचे। बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता समारोह में मौजूद रहे।
मास्क भी बांटे गए
शपथ ग्रहण समारोह में कोविड के नियमों को ध्यान में रखते हुए मास्क भी बांटे गए। जिला पंचायत कर्मचारियों ने बिना मास्क समारोह में आए लोगों को मास्क दिए।
पहली औपचारिक बैठक भी हुई
शपथ ग्रहण समारोह के बाद जिला पंचायत की औपचारिक बैठक भी हुई। जिसमें नियोजन एवं विकास समिति, शिक्षा समिति, निर्माण एवं कार्य समिति, प्रशासनिक समिति और जल प्रबंधन समिति का गठन किया गया। नियोजन एवं प्रशासनिक समिति के अध्यक्ष स्वयं अभिषेक रहेंगे। बाकी चार समितियों के गठन का अधिकार उन्हें ही दिया गया है।
प्रदेश में अव्वल बनेगी इटावा पंचायत
शपथ ग्रहण करने के बाद अभिषेक ने कहा कि पिछले कार्यकाल में पूरे प्रदेश में इटावा जिला पंचायत पहले नंबर पर रही। शिक्षा, स्वच्छता, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जिला पंचायत ने शानदार काम किया। कोविड महामारी के दौरान भी जिला पंचायत की ओर से ग्रामीण जनता और व्यापारियों को मदद पहुंचाई गई। व्यापारियों का लाइसेंस शुल्क माफ करने का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया। इस बार भी सभी सदस्यों के सहयोग से वे जिला पंचायत को पूरे प्रदेश में नंबर एक बनाने काम करेंगे। गांव में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए तेजी से काम करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था रही चौकस
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चौकस रही। ईदगाह चौराहे से एसएसपी चौराहे तक बैरीकेडिंग लगाकर आम वाहनों का आवागमन बंद करा दिया गया। दोनों चौराहों पर पुलिस तैनात रही। जिला पंचायत सभागार के बाहर भी पुलिस और दमकल वाहन खड़े रहे।