इटावा। आशीर्वाद हास्पिटल के मेडिकल स्टोर में मिलीं दवाओं के क्यूआर कोड दलिया और नमकीन कंपनी के निकले। दवाओं के नकली होने की आशंका पर सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। मेडिकल स्टोर के पास खाद्य एवं औषधि विभाग का लाइसेंस और जीएसटी विभाग में पंजीकरण भी नहीं था।
भरथना रोड स्थित आशीर्वाद हास्पिटल में नियम विरुद्ध मेडिकल स्टोर संचालित होने की शिकायत डीएम अवनीश राय से की गई थी। डीएम ने जांच के लिए एसडीएम सदर विक्रम राघव के नेतृत्व में ड्रग इंस्पेक्टर इटावा रजत कुमार पांडेय और ड्रग इंस्पेक्टर औरैया ज्योत्सना आनंद की टीम बनाई।
मंगलवार दोपहर करीब एक बजे टीम फ्रेंड्स कॉलोनी पहुंची के साथ जांच के लिए पहुंची थी। मेडिकल स्टोर करीब छह महीने से संचालित होने की जानकारी टीम को मिली थी। टीम ने 102 तरह की आठ लाख 70 हजार रुपये की दवाएं सील की।
इटावा ड्रग इंस्पेक्टर ने बताया कि चार बड़ी कंपनियों की दवाओं का क्यूआर कोड स्कैन किया गया। इनमें दो कंपनियों की दवाओं के कोड गलत मिले। एक दवा पर दलिया और दूसरी पर नमकीन कंपनी का क्यूआर कोड था। दर्द और उल्टी-दस्त से जुड़ी इन दवाओं के नकली होने की आशंका अधिकारियों ने जताई है।
पांच दवाओं के सैंपल जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजे हैं। करीब एक माह में रिपोर्ट आने की उम्मीद है। इसके बाद संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इनसेट...
10 हॉस्पिटलों में मेडिकल स्टोर का लाइसेंस
स्वास्थ्य विभाग में 75 हास्पिटलों का पंजीकरण है। इसमें 10 ने मेडिकल स्टोर का लाइसेंस ले रखा है। हास्पिटलों में बगैर लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर की जांच के लिए जल्द ही अभियान शुरू किया जाएगा।
इनसेट...
डॉक्टर फर्स्ट फ्लोर पर और मेडिकल स्टोर ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था
आशीर्वाद हॉस्पिटल में डॉक्टर फर्स्ट फ्लोर पर मरीज देखते हैं और मेडिकल स्टोर ग्राउंड फ्लोर पर चल रहा था। औषधि विभाग के नियमों में ऐसा करना गलत है। डॉक्टर अगर अपने क्लीनिक में इमरजेंसी दवाओं के साथ उपचार कर रहा है तो उसे औषधि विभाग से लाइसेंस लेने की जरूरत नहीं होती है, लेकिन यदि मेडिकल स्टोर का संचालन अलग हो रहा है और लाइसेंस लेना अनिवार्य है।