फोटो 31:: महोत्सव स्थल पर आशू यादव को सम्मानित करते डीएम व एसएसपी। स्रोत-समिति
डीएम व एसएसपी ने कार्यक्रमों के संयोजकों सहित अन्य लोगों को किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। जिले की 116 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर इटावा महोत्सव के पंडाल कार्यक्रमों का रविवार को समापन हो गया। डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने जिलावासियों को बड़ी सौगात देते हुए महोत्सव की अवधि को 20 दिन और बढ़ाने की घोषणा की। अब लोग अगले करीब तीन सप्ताह तक प्रदर्शनी और मेले का लुत्फ उठा सकेंगे।
महोत्सव पंडाल में आयोजित समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल और एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर किया। विदाई की इस शाम में प्रखर गौर की सरस्वती वंदना और अजीत नारायण चतुर्वेदी के विदाई गीत ने माहौल को भावुक कर दिया। विशम्भर नाथ भटेले और रौनक इटावी ने अपनी गजलों के माध्यम से महोत्सव के गौरवशाली इतिहास का बखान किया। डीएम ने कहा कि इटावा महोत्सव अपनी सांस्कृतिक समृद्धि के कारण देश के चुनिंदा आयोजनों में शामिल है। यह केवल एक मेला नहीं, बल्कि जिले का लोक पर्व है। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सफल आयोजन के लिए प्रदर्शनी समिति और जनता को बधाई दी। वहीं, एसडीएम सदर व जनरल सेक्रेटरी विक्रम सिंह राघव ने एक माह तक चले कार्यक्रमों के सकुशल संपन्न होने पर सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह के दौरान विभिन्नकार्यक्रमों के संयोजकों, प्रायोजकों, सुरक्षा और स्वच्छता कर्मियों सहित प्रशासनिक अधिकारियों को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रदर्शनी कार्यालय के कर्मचारियों और प्रमुख दुकानदारों को भी उनके योगदान के लिए स्मृति चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुश चतुर्वेदी ने किया।
-
ये रहे मौजूद
एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एडीएम न्यायिक संदीप कुमार श्रीवास्तव, एसडीएम ब्रह्मानंद कठेरिया, रोहित मौर्य, सीओ सिटी अभय नारायण राय, तहसीलदार राजकुमार, प्रेम शंकर शर्मा, एसएच नकवी, विजय नारायण सिंघल और रूप किशोर अग्रवाल सहित प्रदर्शनी कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।