लोनिवि मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सीधे कहा कि नुमाइश (इटावा महोत्सव) का
स्तर लगातार गिर रहा है। नुमाइश ने महोत्सव का रूप लिया और आमदनी भी बढ़ी,
लेकिन जनता की सुविधाएं घटी और व्यापारियों का उत्पीड़न बढ़ गया। इस पर सभी
को विचार करना होगा।
महोत्सव पंडाल में रविवार को आयोजित होने वाले
भजन रसामृत संध्या कार्यक्रम को लेकर जिला पंचायत गेस्ट हाउस में आयोजित
प्रेसवार्ता में लोनिवि मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि जब वह छोटे थे तो
सैफई से साइकिल पर सवार होकर नुमाइश देखने आते थे। इसके बाद केके डिग्री
कालेज में शिक्षण काल के दौरान भी नुमाइश देखने आते थे।
दूर-दूर के
व्यापारी भी नुमाइश में दुकानें लगाने आते थे। अब दिन प्रतिदिन नुमाइश और
पंडाल में होने वाले कार्यक्रमों का स्तर गिरा है। दूर दराज से आए
व्यापारियों से ज्यादा किराया वसूलकर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। एक ओर
इससे नुमाइश की आमदनी बढ़ी है वहीं दूसरी ओर इसका स्तर गिरता जा रहा है।
उन्होंने
कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों व कमेटी को इस पर ध्यान देना होगा। उन्होंने
कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने हमेशा ही इटावा नुमाइश का विकास कराया
है।
भजन रसामृत संध्या आज
रविवार को पंडाल में भजन
रसामृत संध्या कार्यक्रम होगा। आयोजकों ने कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य
प्रमोद कृष्णम के भजनों को सुनने की अपील शहरवासियों से की। संयोजक डा.
जयचंद्र भदौरिया ने कहा कि कार्यक्रम में प्रख्यात संत एवं अखिल भारतीय
हिंदू महासभा व संत महासभा के अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज भी मौजूद
रहेंगे।