फोटो संख्या 29 रामनगर फाटक के पास खड़ी हम सफर एक्सप्रेस ट्रेन
- फोटो : ETAWHA
इटावा। नई दिल्ली से दरभंगा जा रही 02570 हम सफर एक्सप्रेस के कोच एस- 4 में शनिवार की शाम 4:20 बजे रामनगर फाटक 28 के पास हॉट एक्सल हो गया। पहिए से धुआं निकलने से ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। कोच में हॉट एक्सल की जानकारी ट्रेन के गार्ड एसपी सिंह ने टूंडला मुख्यालय को फोन करके दी। समय से जानकारी मिलते ही बड़ा हादसा बच गया, जिससे रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
टूंडला से जानकारी मिलते ही रेलवे यातायात निरीक्षक डीएस मीना अन्य कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इधर कोच के पहिए में आग लगने की जानकारी मिलते ही ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और ट्रेन रुकते ही बड़ी संख्या में यात्री नीचे उतर कर दूर खड़े हो गए। इस वजह से ट्रेन 5 बजे से लेकर 5:24 बजे तक खड़ी रही। इसके बाद ट्रेन को जंक्शन स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर लाया गया।
ट्रेन के ऑन ड्यूटी टीएक्सआर स्टाफ सीनियर टेक्नीशियन सतपाल सिंह, लोको पायलट अशोक कुमार आरपीएफ स्टाफ घनश्याम निषाद व अन्य स्टाफ ने ट्रेन की ब्रेक बाइडिंग को ठीक किया। तापमान मापने और सामान्य मिलने पर संयुक्त निरीक्षण के बाद ट्रेन को 5:45 बजे फिट घोषित करने के बाद शाम 5:53 बजे ट्रेन को अगले स्टेशन के लिए रवाना किया गया। ब्रेक बाइडिंग होने के बाद से लेकर ट्रेन के सकुशल रवानगी तक आरपीएफ पोस्ट के सुरक्षा कर्मी बराबर मुस्तैद रहे।