सिंचाई विभाग के नवीन सभागार में वार्ता करते पूर्व राज्यमंत्री ब्रजेश शुक्ला (सफेद कुर्ता) व अन्य
- फोटो : ETAWAH
इटावा। उप्र उद्योग व्यापार संगठन के पदाधिकारी निकाय चुनाव में भाजपा के बैनर तले चुनाव लड़ेंगे। साथ ही वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों को जिताने में अहम भूमिका अदा करेंगे। संगठन का उद्देश्य भाजपा को मजबूती प्रदान करना है। ये बातें संगठन के प्रदेश महामंत्री व पूर्व राज्यमंत्री ब्रजेश शुक्ला ने शुक्रवार को सिंचाई विभाग के नवीन सभागार में मीडिया से वार्ता के दौरान कहीं।
उन्होंने बताया कि 11 सितंबर को शहर में मोतीझील स्थित वृंदावन गार्डेन में होने वाले व्यापारी महासम्मेलन में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष व आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल संबोधित करेंगे। संगठन ने विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का कार्य किया था। प्रदेश की योगी सरकार की सराहना करते हुए पूर्व राज्यमंत्री ने कहा यहां बेहतर कानून व्यवस्था है।
व्यापारियों को असुविधा नहीं हो रही है। वार्ता के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. महेश कुशवाहा, प्रदेश मंत्री आदेश चौधरी, नगर अध्यक्ष अखिल बंसल, भाजपा नेता राजेंद्र गुप्ता, अजय धाकरे, जिला महामंत्री विकार अहमद आदि उपस्थित रहे।