इटावा। लघु उद्यमियों ने जिले में औद्योगिक पार्क बनाने की मांग उठाई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री को संबोधित पत्र डीएम अवनीश कुमार राय और उपायुक्त जिला उद्योग सुधीर कुमार को सौंपा है। डीएम ने पार्क के लिए जमीन तलाशने के निर्देश सभी छह एसडीएम को दिए हैं।
लघु उद्योग भारती संगठन की ओर से दिए गए पत्र में कहा गया है कि जिले में कोई बड़ा उद्योग नहीं है। छोटे-छोटे उद्योग बाजार न मिलने की वजह से दम तोड़ रहे हैं। ऐसे में यदि एक्सपोर्ट प्रमोशन औद्योगिक पार्क बन जाए तो जिले के वस्त्र और हथकरघा उद्योग को नया जीवन मिल सकता है। कहा कि टीवी ट्यूब की एक फैक्ट्री भी लगाई जाए। इससे पड़ोस के जिले के कांच कारोबारियों को भी फायदा मिलेगा। जिस प्रकार टेक्सटाइल पार्क में उद्योग लगाने के लिए जीएसटी की वापसी होती है, उसी प्रकार एक जिला-एक उद्योग और कारोबारी को राहत मिलनी चाहिए। महंगी दरों पर मिलने वाली बिजली में भी अनुदान दिया जाए।
पत्र देने वालों में संगठन के जिला संयोजक भारतेंद्र नाथ भारद्वाज, महामंत्री अंकित यादव उर्फ रिंकू, अमित वर्मा कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ अधीक्षक शमसुद्दीन अंसारी आदि मौजूद रहे। जिला संयोजक भारतेंद्र नाथ ने बताया कि पार्क बनाने के लिए लगभग 20 एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। जल्द सभी लघु उद्यमी केंद्रीय मंत्री से भी मिलेंगे।
इधर, उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि उद्यमी की मांग पर औद्योगिक पार्क के लिए जमीन चिह्नित करने के लिए सभी एसडीएम को निर्देश दिए हैं। व्यक्तिगत तौर पर मैं भी सभी एसडीएम के संपर्क में हूं। जमीन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सैफई हवाई अड्डे को शुरू कराया जाए
उद्यमियों ने मांग की है कि जिले में सैफई में बने हवाई अड्डे को भी शुरू कराया जाए। इससे जिले के साथ ही औरैया, कन्नौज और फर्रुखाबाद के उद्यमियों को लाभ मिलेगा।