इटावा। ग्राम पंचायत के प्रधानों का कार्यकाल शुक्रवार को समाप्त हो जाएगा। 25 दिसंबर के बाद ग्राम प्रधान चेकर के रूप में कोई भुगतान नहीं कर पाएंगे। भुगतान प्रक्रिया में अपनाया जाने वाला डोंगल डिएक्टीवेट हो जाएगा। निदेशक पंचायती राज ने सभी जिला अधिकारियों को शासन का आदेश भेज दिया है। इस आदेश के बाद अब ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों का कार्यकाल आगे बढ़ाए जाने की संभावनाएं समाप्त हो जाएंगी। शनिवार से ग्राम पंचायतों पर प्रधानों का अधिकार समाप्त होते ही वहां प्रशासक नियुक्त कर दिए जाएंगे।
जिले में कुल 471 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें सभी ग्राम पंचायतों से ग्राम प्रधानों के चेकर के रूप में अधिकार 25 दिसंबर की रात्रि 12 बजे अनरजिस्टर्ड कर दिए जाएंगे। सहायक विकास अधिकारी पंचायत अपने अपने विकास खंड के सभी पंचायतों के ग्राम प्रधानों की डीएससी अनरजिस्टर्ड कराएंगे। मुख्य विकास अधिकारी राजा गणपति आर ने बताया कि शासन का आदेश प्राप्त हो गया है। इसका पालन कराया जाएगा।