इटावा। जसवंतनगर नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने वेतन सहित देयकों के भुगतान की मांग को लेकर सोमवार को तहसील परिसर में हंगामा किया। ईओ के खिलाफ कर्मियों ने जमकर भड़ास निकाली।
अधिशासी अधिकारी और सफाई कर्मचारियों के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद ने सोमवार को उग्र रूप धारण कर लिया। नगर पालिका सफाई कर्मी मॉडर्न तहसील परिसर पर पहुंचे। हड़ताल की धमकी देकर ईओ के खिलाफ नारेबाजी कर दी। उपजिलाधिकारी ज्योत्स्ना बंधु ने मौके पर पहुंच कर आक्रोशित सफाई कर्मचारियों की बात सुनी। कर्मचारियों का आरोप था कि उन्हें वेतन समय पर नहीं मिल रहा। रिटायर्ड होने पर कई साथियों को पेंशन व अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। सर्दी में वर्दी की कोई व्यवस्था नहीं हुई। दर्जनों सफाई कर्मियों ने ईओ की भाषा शैली पर सवाल उठाए।
एसडीएम ने आक्रोशित कर्मियों को शिकायतें दर्ज कर जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया। इधर, ईओ रामेंद्र सिंह ने बताया कि कोरोना के कारण राज्य वित्त से मिलने वाली धनराशि में कटौती हुई है। पालिका की वसूली भी नहीं हुई। इस वजह से समस्या हो गई। इसका जल्द निस्तारण कर दिया जाएगा।