इटावा। भरथना क्षेत्र में रमायन गांव को छोड़कर बाकी पांच गांवों में कैंप नहीं लगने से गोल्डन कार्ड बनवाने आए लोगों को बैरंग लौटना पड़ा। खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सीएचसी से बीएलई व आयुष्मान मित्र की टीम नहीं आने से शिविर नहीं लग सके हैं।
बुधवारको पहले दिन भोली, सरैया, रमायन, साम्हो, भरथना देहात व रीतौर में गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए कैंप लगना था। गांव सरैया के प्राथमिक स्कूल में कैंप नहीं लगा। प्रधानाचार्य अरुण कुमार ने भी शिविर नहीं लगने की जानकारी दी। गांव के मोहम्मद शाबिर ने बताया कि कैंप लगने की जानकारी होने पर आए थे। लेकिन बिना गोल्डन कार्ड बनवाए ही लौटना पड़ा। वहीं कैंप नहीं लगने से भोली, साम्हो, भरथना देहात व रीतौर के भी बाशिंदों को बिना गोल्डन कार्ड बनवाए लौटना पड़ा।
ग्राम रमायन में स्थित शिव मंदिर में लगे शिविर में बीएलई शिशुपाल सिंह ने बताया कि अब तक 25 लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं। इस कार्य में गांव की आशा कार्यकर्ता सुधा देवी, उमादेवी, सीमादेवी, सुमनलता, दीपक नंदवंसी, अनिल कुमार, महेश, कैलाश कठेरिया आदि का सहयोग रहा। एसडीएम नम्रता सिंह ने कैंप का निरीक्षण किया। बीडीओ राजेश कुमार मिश्रा आदि अधीनस्थों को जरूरी दिशा निर्देश दिए।