ऊसराहार (इटावा)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की सुबह गोरखपुर से दिल्ली जा रही जनरथ बस स्टीयरिंग में आई कमी के कारण कुदरैल गांव के सामने अंडरपास पुल की रेलिंग से टकरा गई। हालांकि दुर्घटना में बस की सभी सवारियां सुरक्षित रहीं। बस का कुछ अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कुदरैल गांव के अंडरपास के ऊपर से गुजर रही परिवहन निगम की जनरथ गोरखपुर से दिल्ली जा रही थी। बस में 35 सवारियां मौजूद थीं। गुरुवार की सुबह करीब चार बजे बस अंडर पास के लिए बने पुल की रेलिंग से टकराते हुए डिवाइडर पर जाकर रुक गई। रेलिंग से टकराने के कारण बस का काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। बस के दो पहिए भी दुर्घटना में निकल गए।
अचानक हुईं दुर्घटना के समय ज्यादातर सवारियां सो रही थीं। गनीमत यह रही कि बस की सवारियों में से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे सुरक्षा अधिकारी मनोहर लाल की टीम ने सभी सवारियों को मार्ग पर चलने वाली रोडवेज की दूसरी बसों से भेज दिया। इस संबंध में चालक कुंवरपाल का कहना था कि बस में तकनीकी रूप से कमी आ जाने के कारण बस अनियंत्रित हो गई थी।