इटावा। जिले में कोरोना से एक वृद्धा समेत दो की मौत हो गई। एक संक्रमित की मौत आगरा और दूसरे की फिरोजाबाद के अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 96 हो गई है। नवंबर में अब तक 23 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। बृहस्पतिवार को जिले में 21 संक्रमित और मिले।
सीडीओ राजा गणपति आर ने बताया कि शहर में बजरिया छैराहा निवासी 52 वर्षीय व्यक्ति का 19 नवंबर को फिरोजाबाद के एक अस्पताल में टेस्ट हुआ था। आरटीपीसी आर टेस्ट कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। छह दिन भर्ती रहने के बाद टीम ने बताया कि 25 नवंबर की शाम 8 बजे मरीज की मौत हुई।
दूसरी मौत 25 नवंबर को 67 वर्षीय वृद्धा की आगरा में एक अस्पताल में हुई। 15 दिन पहले वृद्धा को सांस लेने में परेशानी होने पर आगरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आने और सांस लेने में परेशानी होने पर वृद्धा आक्सीजन पर थी।
सीडीओ ने बताया कि बृहस्पतिवार को जिले में 21 संक्रमित मिले, जबकि 10 मरीज स्वस्थ हुए। संक्रमितों की संख्या 5288, कोरोना को मात देने वालों की संख्या 5023, दम तोड़ चुके संक्रमितों की संख्या 96 हो गई है। जबकि, सक्रिय केसों की संख्या 169 है।
बताया कि बृहस्पतिवार को फ्रेंडस कॉलोनी में 3, मकसूदपुरा, अकबरपुर, कामेत व बेलाहार में 2-2 संक्रमित मिले। प्रेमनगर, हर्षनगर नौरंगाबाद, बजरिया चौरहा, प्रभु का अड्डा रामनगर, अशोक नगर, रायनगर, कसौआ, नगला भिखारीदास, सैफई मेडिकल कालेज, सीएचसी महेवा में एक-एक संक्रमित मिले।