इटावा। जिले में शुक्रवार को एक और कोरोना संक्रमित ने दम तोड़ दिया। साथ ही जिला अस्पताल के चिकित्सक, आवास विकास परिषद के जेई और सैफई सीओ कार्यालय के कर्मचारी समेत 15 संक्रमित मिले हैं।
कोरोना से अब तक 90 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं। शुक्रवार को मिले 15 संक्रमित में सात महिलाएं हैं। 12 संक्रमितों ने कोरोना को मात भी दी। संक्रमितों में शहरी क्षेत्र में अशोक नगर स्थित एक फाइनेंस कंपनी का 23 वर्षीय कर्मचारी, आलमपुर हौज में 47 साल की महिला तथा भरथना चौराहा स्थित 29 साल की महिला तथा 67 साल का वृद्ध शामिल है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सीएचसी सैफई में 27 साल का युवक, सैफई मेडिकल कॉलेज में 49 साल का व्यक्ति तथा 22 साल का युवक, सीएमसी महेवा में 26 साल का युवक, न्यू गुलाबबाड़ी जसवंतनगर में 49 साल का व्यक्ति, नगला हीरामन में 75 साल की वृद्धा, जसवंतनगर में 65 साल की वृद्धा तथा सीएचसी सरसईनावर में 45 साल की महिला कोरोना संक्रमित मिली हैं।