इटावा। सैफई कोविड अस्पताल में संक्रमित दो महिलाओं की मौत होने की पुष्टि सीडीओ राजा गणपति आर ने बुधवार की शाम की।
सीडीओ ने बताया बसरेहर क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर लोहरई निवासी 45 वर्षीय महिला 23 अगस्त को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे सैफई कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 25 अगस्त की शाम करीब साढ़े 6 बजे एक महिला ने दम तोड़ दिया। दूसरी 25 वर्षीय युवती रेल मंडी जसवंतनगर की रहने वाली थी। उसे 24 अगस्त को दिन में करीब पौने 11 बजे सैफई कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी 25 अगस्त को दोपहर एक बजे मौत हो गई। जिले में अब तक 36 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। अगस्त में हुई यह 13 वीं मौत है। जुलाई में भी 13 संक्रमितों की मौत हुई थी।
फ्रेंड्स कालोनी में रहने वाले पूर्व विधायक के भाई और भाभी के अलावा उनका गनर संक्रमित मिला है। जबकि पूर्व विधायक, उनकी पत्नी और दोनों बच्चों की जांच रिपोर्ट निगेटिव है।
उन्होंने बताया कि बड़े भाई और भाभी की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। भाई हृदयरोगी होने व 63 साल की उम्र होने की वजह से इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाएंगे। भाभी प्रधान हैं। उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। उन्होंने अपने गनर के संपर्क में आने वाले लोगों से कोरोना जांच कराने की अपील की है। फ्रेंडस कालोनी में पांच अन्य लोग भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
जिला जेल में 27 और बंदियों के कोरोना संक्रमित मिलने से इनकी संख्या बढ़कर 152 हो गई है। इनमें एक महिला बंदी भी शामिल है। पंजाब नेशनल बैंक के दो रीजनल अधिकारी भी संक्रमित मिले हैं। शहर के बंगाली कालोनी में सबसे ज्यादा 16 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं जिसमें एक एलआईसी एजेंट भी है। शहर के बेरुन टोला में बैंक कर्मी की पत्नी संक्रमित मिली है। पति दो दिन पहले संक्रमित मिले थे। बढ़पुरा क्षेत्र में 12 लोग अलग-अलग स्थानों पर संक्रमित मिले हैं।
सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय के एक डॉक्टर के अन्य दो मेडिकल कर्मी, अवंतीनगर में संक्रमित अधिवक्ता पहले से सैफई में भर्ती हैं। रामलीला रोड पेंच मोहल्ला में चार लोग संक्रमित मिले हैं। मढ़ैया शिव नारायण में तीन लोग संक्रमित मिले। अशोक नगर व पंजाबी मोहल्ला में 2-2 लोग संक्रमित मिले हैं। इनके अलावा मेवाती टोला, बराही टोला, पोस्ती खाना, अजीतनगर, कटरा साहब खां, मंडी जसवंतनगर, पहाड़पुरा जगसौरा,जसवंतनगर, लुधपुरा, केवला, कल्याण नगर व एक्सिस बैंक भरथना, सिरसा, पाली, सती मंदिर भरथना में संक्रमित मिले हैं।