इटावा। जिले में रविवार को दो पीएसी जवान समेत छह नए कोरोना के संक्रमितों की पुष्टि हुई है। एक को उम्रदराज होने की वजह से सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय तथा चार को जसवंतनगर कोविड अस्पताल भेजा गया है। एक व्यक्ति का आगरा में इलाज चल रहा है।
सीएमओ डॉ. एनएस तोमर ने बताया कि जिले में रविवार को छह कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें चार शहर के हैं। पॉजिटिव मिले व्यक्तियों में दो पीएसी के जवान हैं। दोनों की उम्र 42- 42 वर्ष हैं। दोनों छह जून को ट्रेनिंग पर पीएससी आए थे। इनमें एक फतेहगढ़ (फर्रुखाबाद) तथा दूसरा आगरा से है। दोनों को जसवंतनगर में भर्ती कराया गया है।
शहर के पोस्ती खाना में पॉजिटिव मिले 32 वर्षीय युवक ने बताया कि सोमवार से हल्की सांस फूलने लगी थी। चावल और ठंडा पानी पी लिया। दिक्कत होने पर 18 जून को सैंपल कराया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे जसवंतनगर कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। शहर के मड़ैया शिव नारायण में एक 73 वर्षीय वृद्ध कोरोना पॉजिटिव निकला। सांस लेने और खांसी की दिक्कत होने पर 18 जून को सैंपल कराया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने और अधिक उम्र की वजह से सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में भर्ती कराया गया है। एक अन्य 35 वर्षीय युवक लोहिया नगर बकेवर का रहने वाला है। 16 जून को इसका भाई भी कोरोना पॉजिटिव निकल चुका है। एक अन्य 49 वर्षीय व्यक्ति ने खांसी और जुकाम की वजह से फिरोजाबाद से आकर 17 जून को सैफई चिकित्सा विश्वविद्यालय में कोरोना की जांच कराई थी। रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस व्यक्ति ने बताया कि वह फिरोजाबाद का रहने वाला है जांच कराने सैफई गए थे। अभी आगरा में इलाज करा रहे हैं। अब जिले में संक्रमितों की संख्या 174 हो गई है। इसमें सक्रिय केस 77 हैं, 90 स्वस्थ हो चुके हैं और सात की मौत हो चुकी है।