कमला कालोनी पक्का बाग क्षेत्र की वेरीकेडिंग
- फोटो : ETAWHA
इटावा। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद शहर के पक्काबाग की कमला कालोनी, कबीरगंज, होमगंज और चौगुर्जी के कुछ हिस्से को सील कर दिया गया है। पॉजिटिव मिले लोगों के घर के सदस्यों और डॉ. पालीवाल के परिवार व स्टाफ के लोगों के सैंपल लेकर सभी को घर में ही क्वारंटीन कर दिया गया है।
एसडीएम सदर सिद्धार्थ ने बताया कि पक्काबाग मोहल्ले के कमला कालोनी निवासी 45 वर्षीय युवक और कबीरगंज निवासी 55 वर्षीय महिला मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव निकली थी। इन दोनों मोहल्लों को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया है। कमलाकॉलोनी के 250 मीटर क्षेत्र और कबीरगंज के 500 मीटर क्षेत्र को सीज कर दिया गया है। दोनों मोहल्लों में आने जाने में पाबंदी भी लगा दी गई है। कमला कालोनी में पॉजिटिव युवक के परिवार के तीन सदस्यों, कबीरगंज की पॉजिटिव महिला के परिवार के 12 सदस्यों और डॉ. पालीवाल, उनके परिवार व स्टाफ के 9 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। चौगुर्जी स्थित डॉ. पालीवाल के क्लीनिक में कबीरगंज की पॉजिटिव महिला इलाज कराने गई थी। इससे डॉ. पालीवाल क्लीनिक को जाने वाली सड़क से प्रधान डाकघर हनुमान मंदिर के पास तक के मार्ग को सील कर दिया गया है।
ईओ नगर पालिका अनिल कुमार ने बताया कि दोनों मोहल्लों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया जा रहा है। मोहल्लों में सब्जी विक्रेताओं को पास जारी कर दिए गए हैं। उन्हें सोशल डिस्टेंसिंग के साथ सब्जी बेचने की हिदायत दी गई है। डॉ. पालीवाल के घर से दोनों ओर 500 मीटर दायरे में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है। इसके अलावा होमगंज को भी सीज कर दिया गया है। इस मोहल्ले का वृद्ध गुरुग्राम में पॉजिटिव निकला है। परिवार के लोग बुजुर्ग को इलाज के लिए वहां ले गए हैं।
डॉ. एमएम पालीवाल ने बताया कि महिला को उसके परिवार का सदस्य क्लीनिक पर 17 मई को लेकर आया था। उसने बताया था कि महिला को कमजोरी है। उसने अहमदाबाद से लौटने और स्टेशन पर सैंपल लेने की जानकारी नहीं दी थी। डॉ. पालीवाल ने बताया कि महिला में खांसी, जुकाम, बुखार जैसे लक्षण नहीं थे। कमजोरी के कारण चलने में दिक्कत थी, 20 मई को उसकी छुट्टी करते पर, 19 को रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर एसडीएम का फोन आया था। इसके बाद टीम पहुंची और पॉजिटिव महिला को सैफई के कोरोना अस्पताल ले गई। सीएचसी अधीक्षक ने बताया कि उरेंग, पहाड़पुर और संतोषपुरा में लोगों की जांच पहले ही की जा चुकी है।