इटावा। सैफई थाना क्षेत्र के कुम्हावर गांव में गत बुधवार रात चार पहिया वाहन सवार दबंगों ने राइफल की बट की मारकर न सिर्फ एक युवक का सिर फोड़ दिया बल्कि गाड़ी भी उसके ऊपर चढ़ा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके परिजन आगरा ले गए हैं। पुलिस ने एक दबंग समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कुम्हावर गांव निवासी रामवीर उर्फ टिल्लू चक का पुत्र आकाश बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे घर के दरवाजे पर खड़ा था। तभी चार पहिया वाहन से राइफल लेकर आए तीन लोगों ने आकाश को पीटना शुरू कर दिया। एक दबंग युवक ने राइफल की बट आकाश के सिर में दे मारी। इससे उसका सिर फूट गया। इस मारपीट से जमीन पर गिरे आकाश पर इन दबंगों ने गाड़ी चढ़ा दी और मौके से भाग गए।
शोर सुनकर परिजन बाहर आए और घायल आकाश देख उसके भाई कुलदीप कुमार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे सैफई पीजीआई ले गई। जहां हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने आगरा रेफर कर दिया।
कुलदीप ने बताया कि 24 फरवरी को उसकी बहन सपना की शादी है। आकाश शादी के कार्ड बांटकर बुधवार शाम को घर लौटा था। उसके वह घर के दरवाजे पर खड़ा हो गया। तभी उस पर यह हमला हुआ। घटना को लेकर आसपास लोगों ने बताया कि दबंगों का घटना से कुछ देर पहले अन्य लोगों से झगड़ा हुआ था। झगड़ने वालों में आकाश को शामिल मानकर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने कुलदीप की तहरीर पर सैफई थाना क्षेत्र के भदेई गांव निवासी अरुण कुमार उर्फ लऊआ और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।