बकेवर (इटावा)। हाईवे के पास तिराहे पर लखना कस्बा के सराफा व्यवसायी भाजपा नेता को सोमवार रात बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। घायल व्यवसायी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त भाजपा नेता कार से उझियानी से आ रहा था।
लखना निवासी सराफा व्यवसायी केतन सोनी पुत्र पीताम्बर नाथ सोनी सोमवार रात करीब साढे़ सात बजे कार से उझियानी से लखना आ रहे थे। इसी दौरान बकेवर कस्बे के पूर्वी तिराहे पर बगल से आए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनकी कार रुकवाई। कार रोककर सराफा व्यवसायी जैसे ही बाहर आए, बाइक सवारों ने उसको गोली मार दी। गोली उसके छाती के बगल में लगी।
सूचना पर बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल सराफा व्यवसायी केतन को पुलिस महेवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
घटना के संबंध में थाना बकेवर के कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुरेशचंद ने बताया कि सराफा व्यवसायी को बाइक सवारों ने गोली मारी है। लूटपाट नहीं की गई है। रंजिश का मामला नजर आ रहा है। जांच की जा रही है। घायल सराफा व्यवसायी के पिता के विरुद्ध करीब 2 माह पूर्व उनके किसी करीबी रिश्तेदार ने किशोरी से छेड़खानी का मामला दर्ज कराया था। इसमें उसके पिता को पुलिस ने जेल भेज दिया था।