इटावा के ऊसराहार में अनुसूचित जाति के युवक ने कक्षा तीन की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। खेतों पर काम कर रही महिलाओं के शोर मचाने पर आरोपी छात्रा को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना ऊसराहार क्षेत्र के गांव नगला गंगे में नौ वर्षीय छात्रा शुक्रवार की शाम छह बजे खेत से अपने घर जा रही थी। तभी गांव का राजीव जाटव छात्रा को जबरदस्ती पकड़कर बाजरे के खेत में ले जाने लगा। छात्रा की चीख पुकार सुनकर खेत पर मौजूद महिलाएं और ग्रामीण लाेग घटनास्थल पर आ गए। भीड़ को आते देख आरोपी राजीव मौके से भाग गया।
पीड़िता के पिता ने घटना की सूचना ऊसराहार थाने में दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबध में थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है।