बसरेहर (इटावा)। 36 घंटे से लापता युवक गांव के पास खेत में लगे पराली के ढेर में बेहोशी हालत में दबा मिला। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। परिजनों ने सीएचसी में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किल्ली सुल्तानपुर गांव निवासी श्रीपाल गुरुवार शाम को घर से निकला था। देर शाम से परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन, कुछ पता नहीं चला। शनिवार सुबह गांव के कुछ युवक दौड़ लगा रहे थे, तभी उनकी नजर पराली के ढेर पर पड़ी। ढेर में एक व्यक्ति के पैर बाहर निकले थे। पराली हटाया तो गांव का श्रीपाल बेहोशी हालत में पड़ा था। युवकों की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे सीएचसी ले गए।
होश आने पर श्रीपाल ने बताया कि वह गुरुवार शाम करीब छह बजे गांव के दो युवक उसे बाइक पर बैठाकर ले गए और शराब पिलाई। दोनों ने उसके साथ मारपीट की। उसे होश नहीं रहा। आरोप लगाया कि युवकों से उसका जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने उसे मरा समझकर पराली के ढेर में दबा दिया।
थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक के लापता होने के बारे में परिजनों ने कोई जानकारी नहीं दी थी। पता चला है कि युवक शराब पीने का आदी है। वह दो लोगों के साथ गया था, शराब पीने के बाद क्या हुआ इसके बारे में जानकारी की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।