इटावा/सैफई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फिरोजाबाद जिले में कठफोरी के पास भीषण हादसा स्लीपर बस और ट्रक चालकों की लापरवाही की वजह से हुआ। बस का चालक तेज ध्वनि में भोजपुरी गाना बजा रहा था, वहीं ट्रक चालक पंक्चर पहिया पहली लेन में ट्रक खड़ा कर बदल रहा था। कुछ देर पहले बस यात्रियों ने पेशाब करने के लिए चालक से बस रोकने को कहा था। अगर उसने बस रोक दी होती तो शायद हादसा न होता। यात्रियों के अनुसार बस की गति भी काफी तेज थी।
देवरिया शहर निवासी अवधेश कुशवाहा पुत्र रमाकांत कुशवाहा भी बस में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि शाम अक्षरधाम से बैठना था लेकिन अगले स्टाप पर शाम करीब 5:30 बजे चालक ने बैठाया। बताया कि एक्सप्रेसवे पर आते ही चालक बस दौड़ाने लगा।। यात्री खाना खाना चाहते थे। करीब 9 बजे कई यात्रियों नेे पेशाब करने के लिए चालक से बस रोकने को कहा लेकिन उसने बात नहीं सुनी। अवधेश ने बताया कि चालक तेज ध्वनि में भोजपुरी गीत बजा रहा था। इससे उसे यात्रियों की आवाज ठीक से नहीं सुनाई दे रही थी। रात करीब 9:30 बजे धड़ाम से बस टकराई और बस में चीखपुकार मच गई। कई यात्री सीट से नीचे गिर गई। बैठे यात्रियों के सिर अगले सीट में टकरा गई। काफी देर समझ में ही नहीं आया क्या हुआ।
देवरिया जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार निवासी सरिता कुशवाह पत्नी सुनील कुमार भी बस में सवार थीं। उन्होंने बताया कि पति और बच्चे के साथ घर लौट रहे थे। सरिता ने बताया कि उनके परिवार ने खाना खा लिया था। तेज आवाज के साथ जोरदार झटका लगा। इससे सिर टकरा गई। कुछ देर के लिए दिमाग सन्न हो गया। कहां हैं, कहां नहीं कुछ समझ नहीं आ रहा था, अस्पताल पहुंचने पर पूरी तरह होश में आए। हादसे में सरिता और उनके पति भी घायल हुए हैं। बिहार के शिवहर जिले के हरिमान थाना क्षेत्र के रावत निवासी भिखारी ठाकुर पुत्र ठाकुर ने बताया कि आगे वाली सीट पर बैठे थे। बस में तेज गाना बज रहा था। हादसे कुछ देर पहले ही आंख लगी थी। बस यकायक लहराई फिर धड़ाम की आवाज के साथ बैठे यात्री एक दूसरे पर जा गिरे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में कोई भी सुरक्षित नहीं बचा।
क्लीनर बोला, हम लोग ट्रक के नीचे थे
इटावा। पीजीआई के इमरजेंसी में भर्ती क्लीनर ने बताया कि ट्रक पंक्चर हो गया था। चालक और सह चालक के साथ वह ट्रक का पहिया बदल रहा था। तीनों ट्रक के नीचे थे। इसी बीच बस ने टक्कर मारी और तीनों नीचे दब गए। ट्रक रामपुर जिला निवासी भूरा खां पुत्र पुत्र जाहिद खां निवासी निपानिया थाना शहजादनगर जिला रामपुर चला रहा था। ट्रक में भूरा का छोटा भाई सह चलाक चमन खां भी सवार था। शाहजादनगर के चंद्रपुरा गांव का वसीम पुत्र कदीम क्लीनर ने बताया कि कठफोरी के पास ट्रक का पहिया पंक्चर हो गया था। इससे पहली लेन में ही ट्रक खड़ा कर दिया। पहिया बदलने के लिए ट्रक में जैक लगा दिया था। वसीम ने बताया कि चालक और सहचालक के साथ वह ट्रक के नीचे था। सभी का ध्यान पहिया बदलने पर था। इसी बीज तेज लाइन के साथ वाहन करीब आता दिखाई दिया। जब तक समझ पाते धड़ाम की आवाज आई और जैक निकल गया। इससे भूरा के साथ तीनों नीचे दब गए। जैक की तीन होने से भूरा को ज्यादा चोटें आईं जिससे उसकी मौत हो गई। वसीम और चमन पीजीआई में भर्ती हैं। सीटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि बस खड़े ट्रक (ट्राला) में पीछे टकराई है।
यूपीडा कर्मी बोले, ओवरटेक में हुआ हादसा
घायलों और मृतकों को अस्पताल लाए यूपीडा कर्मियों का कहना था कि मौके के हालात देखकर लग रहा है कि स्पीड में ओवरटेक करने के कारण हादसा हुआ है। जिस तरह से वाहन भिड़े हैं, वैसे ज्यादातर हादसे ओवरटेक के कारण होते हैं।
इनसेट
ज्यादातर यात्रियों के पैरों की हड्डियां टूटीं
बस चालक की लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वह आगे खड़े ट्रक को नहीं भांप पाया जबकि ट्रक में पीछे रेफ्लेक्टर भी लगा था। ट्रक के करीब पहुंचने पर चालक ने स्टेयरिंग बांयी ओर तेजी से मुड़ाई किंतु बस पूरी तरह से कट नहीं पाई और ड्राइवर के बाद करीब दो ढाई मीटर बाद ट्रक से भिड़कर रगड़ गई। टक्कर होने से ज्यादातर बस यात्रियों के पैरों की हड्डियां टूटी हैं।