फोटो: 22 इटावा सफारी पार्क में भ्रमण करते पर्यटक। (संवाद)
पर्यटकों को अब तक एक हजार से अधिक उपहार भी बांटे
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। नए साल की शुरुआत के साथ ही इटावा सफारी पार्क पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बन गया है। वर्ष के पहले चार दिनों में ही पार्क में पांच हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे, जिन्होंने सफारी का भरपूर आनंद लिया। सुबह के समय छाए रहने वाले कोहरे और दोपहर में निकलने वाली हल्की धूप के कारण मौसम भ्रमण के लिए काफी सुखद बना हुआ है, जो पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
इटावा सफारी पार्क के उप निदेशक डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि मौसम की अनुकूलता के कारण वन्यजीव भी दोपहर में धूप सेंकने के लिए खुले स्थानों पर आ रहे हैं। इससे पर्यटकों को विभिन्न वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में, अपेक्षाकृत करीब से देखने का अनूठा अवसर मिल रहा है। यह अनुभव पर्यटकों के लिए विशेष रूप से रोमांचक साबित हो रहा है।
पार्क प्रशासन ने नए साल के आगमन पर पर्यटकों के स्वागत के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अब तक एक हजार से अधिक उपहार बांटे जा चुके हैं, जिससे आगंतुकों में उत्साह का माहौल है। डॉ. सिंह ने बताया कि पर्यटकों के बीच स्क्रेच कूपन को लेकर विशेष आकर्षण देखा जा रहा है। आगंतुकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। पार्क में आने वाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।