बारिश और ओलावृष्टि के बाद अब तपिश बढ़ने लगी है। रविवार को पारा 39 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से लू चलने लगी है। दोपहर में गर्म हवा चलने से लोग बेहाल रहे।
बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन पर यात्री भी गर्मी से परेशान रहे। घरों से लोग मुंह ढककर और अंगोछा बांधकर सड़कों पर निकले। इस साल मौसम के उतार-चढ़ाव के चलते लोग अभी तक लू के थपेड़ों से महफूज रहे लेकिन रविवार को अचानक गर्मी में काफी तेजी आ गई। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
तपते सूरज और गर्म हवा से लोग पसीना-पसीना हो रहे थे। बस स्टैंड में तो यात्री पानी के लिए परेशान रहे। वहां पर नए बस स्टैंड का निर्माण हो रहा है इसलिए पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। कैंटीन संचालक का कहना है कि गर्मी तेज पड़ते ही पानी के पाउच की बिक्री तेज हो गई है।
उधर शहर में मिट्टी के घड़े और सुराहियों की बिक्री भी तेज हुई। तपन से स्कूल और ट्यूशन पढ़ने वाली छात्राएं भी मुंह ढक कर निकलीं। गर्मी की वजह से दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा दिखा। कई घरों में लोग कूलर साफ कर दिखते।