इटावा। शहर में बिना बुकिंग के गैस सिलिंडर न देने पर तीन युवकों ने गैस सिलिंडर कर्मियों पर हमला कर दिया। साथ ही उनके पास से 3760 रुपये छीन लिए। पीड़ित कर्मी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पक्का बाग निवासी गजेंद्र पुत्र प्रदीप कुमार गैस एजेंसी में डिलीवरी कर्मी है और उसके साथ लोडर चालक प्रदीप कुमार भी था। बुधवार दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच दोनों लालपुरा नई बस्ती क्षेत्र में गैस सिलिंडर की डिलीवरी करने पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद तीन युवकों ने बिना बुकिंग के जबरन सिलिंडर देने की मांग की। मना करने पर उन्होंने चालक प्रदीप को गाड़ी में ही पकड़कर पीटना शुरू कर दिया और उसे खींचने का प्रयास किया। इसी दौरान गजेंद्र सिलिंडर देकर लौटा तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। धारदार हथियार से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की रिपोर्ट दर्ज आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।