बकेवर। 50 बेड अस्पताल में जल्द ही इमरजेंसी सेवाएं शुरू होगी। इससे लोगों को जिला अस्पताल जाने के लिए दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जाने और आने में उनका समय भी बचेगा। चिंता की बात यह है कि डॉक्टरों व स्टाफ को आवास नहीं मिलने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सीएमएस डॉ. वीरेंद्र भारती ने बताया कि अस्पताल को दो और नए चिकित्सक मिल गए हैं। कन्नौज से आए डॉ. रविंद्र कुमार व डॉ. सतेंद्र कुमार ने चार्ज ले लिया है। अस्पताल में डॉक्टरों के लिए कुर्सी मेज की व्यवस्था की जा रही है।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक स्वर्णकार ने नेत्र परीक्षण अधिकारी अजय गौतम के कक्ष में मरीज देखे। अस्पताल के डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ के लिए रहने की समस्या है। एक सप्ताह पूर्व ज्वाइन करने वाले सीएमएस को भी अभी तक आवास नहीं मिल सका है। दो दिन पूर्व अस्पताल पर निरीक्षण करने आईं अपर निदेशक स्वास्थ्य सरोज बाला ने सीएमओ डॉ. गीताराम को तीन दिन में आवास खाली कराने का निर्देश दिया था।