महेवा। राज्य निर्वाचन आयोग के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में रिक्त रहे पदों पर चुनाव की घोषणा के बाद ब्लॉक में चहल कदमी बढ़ गई है। जनपद इटावा के सबसे बड़े ब्लॉक महेवा में सर्वाधिक 70 प्रधान पंचायत सदस्यों के कोरम पूरा न होने के चलते शपथ नहीं ले सके थे। सदस्य बनाने के लिए नवनिर्वाचित प्रधान गुणा भाग लगा रहे हैं।
सहायक विकास अधिकारी पंचायत श्याम वरन राजपूत ने बताया कि ब्लॉक के कुल 1145 सदस्य हैं। जिनमें 396 सदस्य निर्वाचित हो चुके हैं तथा 749 सदस्य पद रिक्त हैं। वहीं इंगुर्री से क्षेत्रपंचायत सदस्य का भी एक पद रिक्त है जो कि विजयी प्रत्याशी रूबी चौहान की मृत्यु के चलते रिक्त हुआ।
चुनाव कार्यक्रम में छह जून को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र दाखिल होंगे। उसी दिन पांच बजे से कार्य समाप्ति तक जांच होगी अगले दिन सात जून को सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवारी वापस व उसके बाद प्रतीक चिह्नों का आवंटन होगा। अगर आवश्यक हुआ तो 12 जून को मतदान होगा व 14 जून को ब्लॉक स्तर पर मतगणना सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगी ।