चकरनगर। तहसील सभागार में बुधवार को विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता सूची के शुद्धिकरण कार्य के लिए बीएलओ की बैठक हुई। बैठक तीन पालियों में हुई जिसमें 154 बीएलओ ने भाग लिया। एसडीएम रोहित कुमार मौर्य की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची से हटाए गए नामों का सत्यापन करने और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने कहा कि किसी कारणवश नौकरी या अन्य काम से बाहर चले गए लोगों के नाम मतदाता सूची से कट गए हैं तो उनका सत्यापन किया जाए। सूची में प्रत्येक व्यक्ति के नाम के सामने मृतक, डुप्लीकेट या स्थानांतरित होने की स्थिति दर्ज करें। बीएलओ घर-घर जाकर इसकी जांच करें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम त्रुटिवश काट दिया गया है तो उसका फार्म छह भरवाकर जमा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान माता-पिता के साक्ष्य उपलब्ध न होने के कारण जिन लोगों के नाम छूट गए हैं, उनके आवश्यक साक्ष्य लेकर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए। मृतक मतदाताओं का भी सत्यापन किया जाए, जिससे सूची में अपात्र व्यक्तियों के नाम न रहें। एसडीएम ने निर्देश दिए कि 14 से 25 तारीख के बीच निर्धारित अवधि में सत्यापन का कार्य पूरा किया जाए।
इसमें कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न रहे। उन्होंने आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र में नाम, जन्मतिथि और पते से जुड़ी त्रुटियों को भी ठीक कराने को कहा, जिससे लोगों को सरकारी कामकाज में परेशानी न हो। बैठक में तहसीलदार सुनील तिवारी, नायब तहसीलदार श्रीकांत सिंह, राजस्व निरीक्षक विजय कुमार मौर्य सहित बीएलओ मौजूद रहे।