जसवंतनगर। दिवाली के बाद बिजली निगम ने बृहस्पतिवार को बकाया बिलों की वसूली के लिए नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान निगम की दो टीमों ने अलग-अलग मोहल्लों में कार्रवाई करते हुए करीब 50 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। वहीं, करीब पांच लाख रुपये की बकाया धनराशि भी वसूल की गई।
अभियान के दौरान टीमों ने घरों और प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर बिजली बिलों की जांच की। लंबे समय से बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेदित किए गए। इससे बकायेदारों में खलबली मची रही। एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि 10 हजार रुपये से अधिक के बकायेदारों को चिह्नित कर कार्रवाई की गई है।
दो टीमें अलग-अलग मोहल्लों में अभियान चला रही हैं। उन्होंने बताया कि बकाया वसूली के साथ बिजली चोरी रोकने के लिए भी चेकिंग की जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा करने की अपील की। (संवाद)