बसरेहर। 72 घंटे बाद भी बिजली विभाग बंबे में गिरे खंभे को सही नहीं करा सका है। इससे 40 गांवों के लोग बिना बिजली रहने को मजबूर हैं।
शुक्रवार की सुबह एक वाहन की टक्कर से किल्ली फीडर का 11 हजार लाइन का खंभा गांव शंकरपुर के समीप बंबे में गिर गया था। तार टूटने से शंकरपुर, रजपुरा, सरैया ताड़, सराय मलपुरा, किल्ली, रिटौली सहित करीब 40 से गांव की आपूर्ति बाधित हो गई थी।
ग्रामीणों की सूचना के बावजूद विभाग के अधिकारियों की ओर से संज्ञान नहीं लिया गया। इससे ग्रामीण 72 घंटे से अंधेरे में हैं। रविवार रात खंभे को सही नहीं किया गया था। किसान मोबाइल चार्ज करने से लेकर ट्यूबवेल चलाने तक को परेशान हैं। ग्रामीणों ने जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
विद्युत विभाग के जेई शशिव कुमार गौड़ ने बताया कि बिजली के पोल टूटने की सूचना मिली थी, लेकिन मजदूर न मिलने के कारण पोल नहीं लगाए जा सके। सोमवार तक आपूर्ति को बहाल कराने का प्रयास किया जाएगा। सभी सामान को रात में ही पहुंचा देंगे।