बकेवर (इटावा)। गुरुवार की शाम आंधी और बारिश की वजह से बकेवर, लखना, बिजलीघर से संबद्ध ग्रामीण क्षेत्र के तीन फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी रात ठप्प रही। इस वजह से करीब 100 से अधिक गांवों की बिजली14 घंटे बाधित रही।
बकेवर बिजलीघर के सभी पांचों फीडरों व लखना बिजलीघर के सभी फीडरों की आपूर्ति बंद हो गयी। देर रात बकेवर के तीन फीडरों व लखना के दो फीडरों की बिजली की आपूर्ति 11 बजे रात करीब चालू हो सकी। लेकिन बकेवर बिजलीघर के सराय जलाल व पटिया फीडर क्षेत्र व लखना बिजलीघर के टकरुपुर फीडर की विद्युत आपूर्ति पूरी रात फाल्ट होने की वजह से ठप्प रही।
शुक्रवार की सुबह आठ बजे फाल्ट सही होने पर 14 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। एसडीओ भूप सिंह ने बताया तेज आंधी से कुछ लाइनों में फाल्ट में आ गया था। जिसे सही कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई है। (संवाद)