भरथना (इटावा)। नगला खेमी गांव में बिजली चोरी की जांच करने गए बिजली विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें एसडीओ की गाड़ी का शीशा टूट गया। दो थानों की पुलिस पहुंचने पर गांव में अवैध तरीके से रखा गया ट्रांसफार्मर जब्त किया गया।
नगला खेमी गांव में चोरी से ट्र्रांसफार्मर लगाकर बिजली चोरी करने की सूचना मिली थी। इस पर एसडीओ लव कुमार वर्मा, अवर अभियंता शशीव गौण विभाग के कर्मियों के साथ नगला खेमी में जांच करने गए थे। आरोप है कि कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर अभद्रता करने के साथ पथराव कर दिया। इससे गाड़ी के पीछे लगा शीशा टूट गया। इससे टीम लौट गई और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में चौबिया और भरथना थाने की फोर्स पहुंच गई।
पुलिस की मौजूदगी में ट्रांसफार्मर जब्त कर लिया। चौबिया एसओ ने कहा कि अभद्रता करने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। एक्सईएन द्वितीय एसके मिश्रा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। एसडीओ से रिपोर्ट मांगी है। इसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।