चकरनगर (इटावा)। कोचिंग के लिए निकले कक्षा दस के छात्र का मंगलवार दोपहर अपहरण हो गया। अपहरणकर्ता ने नोएडा में नौकरी करने वाले ताऊ को फोन कर एक लाख रुपये फिरौती मांग है। पिता की सूचना पर सीओ ने खोजबीन के लिए दो टीमें लगा दी हैं।
चकरनगर थाना क्षेत्र के रम्मपुरा गांव निवासी राजेश सिंह यादव डेयरी चलाते हैं। उनका बेटा असित यादव सेंट जेवियर स्कूल गनियावर गांव में कक्षा दस का छात्र है। मंगलवार दोपहर ढाई बजे वह चकरनगर में कोचिंग गया था। दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे छात्र के फोन से नोएडा में नौकरी करने वाले ताऊ प्रेम सिंह को फोन किया गया। फोन करने वाले असित का अपहरण करने की जानकारी देकर एक लाख रुपये फिरौती मांगी। इसके बाद फोन काट दिया। दोबारा फोन करने पर उठा नहीं। पिता ने चकरनगर थाने में अपहरण की सूचना दी। थाना प्रभारी ने सीओ और अन्य अधिकारियों को सूचना दी। सीओ चकरनगर राकेश वशिष्ठ चकरनगर थाने पहुंचे और छात्र की खोजबीन के लिए दो टीमें बनाईं। छात्र का फोन भी सर्विलांस कर लगा दिया गया है। सीओ ने बताया जल्दी ही बच्चे को तलाश कर लिया जाएगा।