जसवंतनगर। नगर से कचौरा घाट मार्ग पर शराब ठेके के सामने बुधवार दोपहर इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लग गई। देखते ही देखते ही उसकी बैटरी भी फट गई। हादसे में स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया।
विपनेश सिंह निवासी सिसहाट ने बताया कि बुधवार दोपहर बाजार से वह इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह ठेके के सामने पहुंचे तभी अचानक स्कूटी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गई। कुछ ही पलों में बैटरी में विस्फोट हो गया जिससे आसपास के के लोग डर गए। आसपास के लोगों ने बालू और मिट्टी डालकर आग पर काबू पा लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि आग पर जल्द काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।