इटावा। सैफई थाना पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की 14 बाइक, तमंचा, कारतूस व दो चाकू बरामद किए हैं। गिरोह का सरगना पुलिस के हाथ नहीं लगा है। उस पर बाइक चोरी समेत 12 मामले दर्ज हैं। पकड़े गए सभी आरोपी मैनपुरी के रहने वाले हैं।
सोमवार को एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में बाइक गिरोह का पर्दाफाश किया है। उन्होंने बताया कि सैफई थानाध्यक्ष भूपेंद्र राठी ने टीम के साथ घेराबंदी कर रकुइया नहर पुल के पास से पांच और नगला चैनसुख के पास से तीन अभियुक्तों को दबोच लिया। इसमें विनय निवासी ग्राम राजपुर थाना किशनी, मैनपुरी, महेंद्र उर्फ गोलू निवासी ग्राम नगरिया थाना कुर्रा, मैनपुरी, संजय उर्फ भाटी निवासी ग्राम भाती पोस्ट कुर्रा, पवन पुत्र कामता प्रसाद निवासी बम्हनीपुर थाना किशनी शामिल हैं।
इनके अलावा सौरभ उर्फ शीलू निवासी धरमनीर थाना बेवर, निखिल कुमार निवासी धरमनीर थाना बेवर मैनपुरी, धर्मेंद्र उर्फ लुक्का निवासी कुंडी थाना बेवर, राहुल शाक्य निवासीगण नगला मनी थाना किशनी मैनपुरी भी शामिल हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह सैफई आयुर्विज्ञान विवि व आसपास के क्षेत्रों से बाइक चोरी करते थे।
बरामद 14 बाइकें इटावा के अलावा अन्य जिलों से भी चोरी की गई थीं। पुलिस अब गिरोह के फरार सरगना की तलाश में दबिश दे रही है। बाइक चोरों को पकड़ने में थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठी, एसआई हेमंत कुमार, स्वदेश कुमार, संजय दुबे, सिपाही हिमांशु, बबलू कुमार, अंजलि कुमार आदि टीम में शामिल रहे।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह सैफई आयुर्विज्ञान विवि व आसपास के क्षेत्र में घूमकर रेकी करते थे। बाद में मौका पाकर ग्रुप बनाकर वाहन चोरी करते थे। चोरी की बाइक का रंग आदि बदलवाकर उसे आधे दाम पर बेच देते थे। बाइक चोरी से मिलने वाले रुपये आपस में बंटवारा कर लेते थे।
आरोपियों में चार चोरों की उम्र 20 से 21 वर्ष हैं। पुलिस की पूछताछ में चोरों ने बताया कि महंगी बाइक, मोबाइल, शराब, सिगरेट आदि शौक ने उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल दिया। बाइक चोरी से मिलने वाले रुपये से वह इन शौक को पूरा करते थे।