इटावा। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के सभी स्कूलों में अब दीक्षा एप से पढ़ाई होगी। ई-पाठशाला के निर्देश मिल चुके हैं। व्हाट्स एप ग्रुप बनाने के साथ ही बच्चों को दीक्षा एप डाउनलोड करना भी जरूरी होगा। खंड शिक्षा अधिकारी इस कामकाज की निगरानी करेंगे। स्कूल बंद होने से बच्चों की पढ़ाई का नुकसान न हो इसके लिए यह व्यवस्था की जा रही है।
बीएसए अजय कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों से कहा है कि ई-पाठशाला का संचालन कराएं। ये ई-पाठशाला व्हाट्स एप, दूरदर्शन व दीक्षा एप के माध्यम से चलेंगी। खंड शिक्षा अधिकारियों से यह भी कहा गया है कि सभी विद्यालयों में हरहाल में व्हाट्स एप ग्रुप हर हाल में बनवाए जाएं। इनमें प्रधानाचार्य, शिक्षक, रसोइया, एसएमसी के सदस्य व अभिभावकों को जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही ऑनलाइन पढ़ाई भी कराई जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारियों से यह भी कहा गया है कि वे प्रतिदिन कम से कम बीस शिक्षकों से फोन पर बातचीत करके फीडबैक लेंगे। लॉकडाउन के चलते मार्च के अंतिम दिनों से स्कूल बन्द चल रहे हैं ऐसे मेें बच्चों को ऑनलाइन तथा दूरदर्शन के माध्यम से पढ़ाने की व्यवस्था की गई है। शासन की गंभीरता को देखते हुए अब इस पूरे कार्यक्त्रस्म की निगरानी भी कराई जा रही है।