इटावा। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत चले रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम का एसडीएम मनोज पाठक ने निरीक्षण किया। इस दौरान 25 प्रगणक-पर्यवेक्षक अनुपस्थित मिले। सभी को चेतावनी दी गई।
औचक निरीक्षण के दौरान सुदिति ग्लोबल एकेडमी में तहसील सदर ग्रामीण के प्रशिक्षण हेतु नामित 250 प्रगणकों में से 183 उपस्थित मिले, जबकि 29 प्रगणक विलंब से पहुंचे और 12 अनुपस्थित पाए गए। इसी प्रकार, कुल 26 पर्यवेक्षकों में से 13 उपस्थित थे, सात विलंब से आए और छह अनुपस्थित रहे।
सर मदन लाल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निरीक्षण में नगर पालिका परिषद इटावा प्रशिक्षण हेतु नामित 200 प्रगणकों में से छह अनुपस्थित मिले। वहीं, नगर पंचायत इकदिल के प्रशिक्षण हेतु नामित 43 में से एक प्रगणक अनुपस्थित पाया गया। निरीक्षण में यह भी संज्ञान में आया कि कुछ प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समय से प्रशिक्षण स्थल पर उपस्थित नहीं हो रहे हैं, जो प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रति लापरवाही को दर्शाता है।
इस स्थिति के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों एवं प्रशिक्षण से जुड़े कार्मिकों को निर्देश दिए गए हैं। इसमें प्रशिक्षण में समस्त प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने, प्रशिक्षण स्थल की व्यवस्थाओं व प्रशिक्षण की गुणवत्ता की नियमित निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा गया है।
साथ ही, जो प्रगणक/पर्यवेक्षक प्रशिक्षण में अनुपस्थित हैं, उनके विरुद्ध जनगणना अधिनियम 1948 की धारा पांच और 11 के प्रावधानों के अनुसार उसी दिवस में सायं को कार्रवाई हेतु उनके संबंधित विभागाध्यक्ष को पत्र प्रेषित करने हेतु निर्देशित किया गया है।