जसवंतनगर। नगर के मोहल्ला रेल मंडी में मंगलवार सुबह एक महिला के साथ गाली-गलौज कर उसकी पिटाई की गई। पत्थर मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
रेल मंडी निवासी धर्मेंद्र पाल ने बताया कि मंगलवार सुबह उनकी पत्नी पूजा घर के बाहर खड़ी थीं। इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ लोग शराब के नशे में वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि जब पूजा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। पत्थर लगने से पूजा के सिर में चोट आ गई। परिजन महिला को अस्पताल ले गए। पुलिस का कहना है कि मामले में चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।