आग बुझाने के लिए गोदाम की दीवार तोड़ती जेसीबी
- फोटो : अमर उजाला
जसवंतनगर (इटावा)। थाना क्षेत्र के कैस्त गांव के समीप हाइवे पर गल्ला गोदाम में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का धान जलकर राख हो गया। दमकल की कई गाड़ियों ने छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेखपाल गीतम सिंह यादव ने नुकसान का आंकलन किया। करीब 200 क्विंटल गल्ला व शक्कर के जल गई।
हाइवे किनारे स्थिति महावीर ग्रामीण वेयर हाउस मेें रात को अचानक आग लग गई। सुबह पांच बजे गोदाम के पीछे गांव नगला खुमान के आसपास रहने वाले कुछ लोग शौच के लिए निकले तो गोदाम के पिछले हिस्से से धुआं निकलते देखा। इस पर उन लोगों ने सूचना गोदाम मालिक अनुपम जैन को दी। मौके पर पहुंचे अनुपम जैन ने दमकल विभाग को सूचना दी जिस पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। इस गोदाम में हजारों धान, बाजरा तथा शक्कर की बोरियां रखी थी।
जेसीबी से गोदाम की एक दीवार तोड़कर शक्कर और धान की बोरियों को बाहर निकाला गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया जा सका। इस घटना के कारणों का पता नहीं चल सका। गोदाम के मालिक अनुपम जैन बताया की घटना में लाखों रुपये का धान जलकर राख हो गया है। गोदाम में आग नियत्रंण के उपकरण मौजूद थे जिनका प्रयोग भी किया गया लेकिन विकराल रूप धारण कर चुकी आग पर काबू नहीं किया जा सका।