रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस)पीके बाजपेई शुक्रवार को नवनिर्मित इटावा-मैनपुरी रेल लाइन का मोटर ट्राली से निरीक्षण करेंगे। उनके पीछे डीआरएम स्पेशल भी दौड़ेगी। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को रेल अधिकारियों ने स्टेशन पर डेरा जमा लिया है। रेलवे ने रेल संरक्षा आयुक्त पीके बाजपेई के दौरे को लेकर जो कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत बाजपेई डीआरएम स्पेशल से शुक्रवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर इटावा स्टेशन पर पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय रेलवे सलाहकार समिति के पूर्व सदस्य शेख मोहम्मद पुखरायां ने बताया कि इटावा से बाजपेई मोटर ट्राली में सवार होकर रामनगर फाटक से होते हुए उस स्थान पर पहुंचेंगे जहां पर मैनपुरी लाइन दिल्ली-हावड़ा लाइन से जोड़ी गई है। उनके साथ डीआरएम एसके पंकज व अन्य अधिकारी भी होंगे। यहां पहुंचकर वे सबसे पहले ट्रैक का पूजन करेंगे और मोटर ट्रालियों के जत्थे के साथ मैनपुरी के लिए रवाना होंगे।
दूसरी और इटावा स्टेशन से उनकी डीआरएम स्पेशल ट्रेन शिकोहाबाद के रास्ते पहले ही मैनपुरी पहुंच जाएगी। मैनपुरी में पहले से ही एक डीजल इंजन को भी तैयार रखा जाएगा। ट्राली निरीक्षण के बाद रेल संरक्षा आयुक्त इस इंजन में सवार हो इटावा पहुंचेंगे। इंजन के पीछे कुछ किलोमीटर की दूरी पर डीआरएम स्पेशल भी दौड़ते हुए मैनपुरी से इटावा के लिए आएगी। दोपहर बाद दौरा पूरा करने के बाद रेल संरक्षा आयुक्त व अधिकारी इलाहाबाद रवाना हो जाएगा।