इटावा। इलाहाबाद मंडल के डीआरएम बुधवार की रात अवध एक्सप्रेस के इंजन में बैठकर आए और रेलवे स्टेशन समेत सर्कुलेट एरिया का निरीक्षण किया। 1 घंटे तक किए अपने निरीक्षण में टिकट वितरण और सर्कुलेट एरिया में साफ सफाई दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मंडल के डीआरएम अमिताभ बुधवार की रात करीब 12:40 मिनट पर अवध एक्सप्रेस के इंजन में बैठकर आए और प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेन रुकते ही उन्होनें आकस्मिक निरीक्षण करना शुरू कर दिया।
बताया गया कि प्लेटफार्म नंबर दो पर खान पान के स्टॉल आदि की जांच की और वहां पर मौजूद यात्रियों से भी पूछताछ की। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर 1 पर स्थित टिकट विंडो समेत एटीवीएम मशीन के संचालकों से भी बात की। उन्होंने कहा कि यात्रियों को ट्रेन के आने से पहले टिकट मिलना चाहिए। रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद वाहन स्टैंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में रेलवे स्टेशन और परिसर के आसपास गंदगी नहीं होनी चाहिए। यदि इसके बाद भी गंदगी मिलती है तो संबधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों से भी बात कर उन्होंने जानकारी ली। रात करीब 1:47 मिनट पर वैशाली एक्सप्रेस के इंजन में बैठकर वे लौट गए। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा, हंसराज मीना, जीआरपी थाना प्रभारी कृपालशंकर, आरपीएफ थाना प्रभारी विनोद कुमार समेत अन्य रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।
इटावा। कोहरे के कारण छह ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से आ रही हैं। इसमें दिल्ली की ओर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस निर्धारित समय से करीब 2 घंटे की देरी से आई। कैफियत एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से आई। मरुधर एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से आई है। मगध एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से आई। कानपुर की ओर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस 4 घंटे की देरी से आई।
संवाद