इटावा। रोडवेज बस चालकों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए परिवहन निगम के अधिकारियों ने लाइन अप व्यवस्था लागू की है। इस सिस्टम के जरिए चालक बस स्टैंड के अंदर से ही यात्रियों को बसों में बैठाएंगे। अभी तक ज्यादातर चालक, बसों को निकास द्वार से लेकर बाहर सड़क पर खड़ा करके यात्रियों को बैठाते थे। इससे जाम की स्थिति बन जाती थी।
चालकों के मनमानी और राहगीरों की परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने गुरुवार के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर को संज्ञान में लेकर रोडवेज के अधिकारियों ने शुक्रवार से लाइन अप लागू कर दी। जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए आरएम पीआर पांडे, एआरएम डीएम सक्सेना व एआरएम वित्त एमसी शर्मा ने बस अड्डे पर पार्किंग की नई व्यवस्था शुरू की है। इससे बसें क्रम से निकलेंगी। ऐसा करने से यात्री भी स्टैंड के अंदर आएंगे और सड़क पर बस खड़ी न होने से जाम नहीं लगेगा।
प्रबंधक कार्यालय गेट से भी वापस हो जातीं कुछ बसें
कुछ चालक बसों को गेट (क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय) से अंदर लाने के बाद मौका देखकर बाहर निकल जाते थे। तिराहे तक खड़े होकर बीच रास्ते ही यात्रियों को बैठाने लगते थे। इससे ज्यादातर यात्री बस स्टैंड के अंदर नहीं आ पाते थे। स्टैंड परिसर खड़ी बसों को यात्री नहीं मिलते थे।
सड़क पर जाम की समस्या को दूर करने के लिए यह कदम उठाया गया है। आगरा व कानपुर जाने वाली बसों की लाइनें अलग- अलग बनाई गई हैं। इस ओर की एक-एक बसों को नंबर आने पर रवाना किया जाएगा। बसें लाइन अप रहेंगी। अब पिछले गेट से बस निकालकर ले जाने पर अंकुश रहेगा।
- डीएम सक्सेना, एआरएम।