चेकिंग में पकड़े गए ट्रक चालक व हेल्पर पुलिस की लापरवाही से थाना के गेट से ही भाग गए। हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें खोजने की भी कवायद की।
लेकिन दोनों पकड़ में नहीं आए। लिहाजा ट्रक को लावारिस के रूप में दाखिल किया गया। गुरुवार को थाना पुलिस ने सरसईनावार तिराहे पर वाहन चेंकिंग के दौरान एक ट्रक को पीछा करके पकड़ा था।
सरसईनावर की ओर आए इस ट्रक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन चालक उसे भगा ले गया। आगे बाजार में भीड़भाड़ होने से उसे ट्रक को रोकना पड़ा। पुलिस ने आकर चालक व हेल्पर को पकड़ लिया।
ट्रक व दोनों लोगों को पुलिस थाना लेकर आई। इसी बीच दोनों लोग पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाकर भरथना मार्ग की ओर से भाग गए। बाद में पुलिस ने उनकी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल पाया।
कस्बा प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि चालक व हेल्पर की खोज हो रही है। ट्रक को लावारिस के तौर पर थाना में दाखिल कराया गया है।