फोटो 13: कामेत पंचायत के उदी मोड़ स्थित गली में भरा नाली का गंदा पानी। संवाद
- फोटो : Archive
उदी। बढ़पुरा की कामेत पंचायत में उदी मोड़ मार्ग से जुड़ी गली में जलभराव से लोग परेशान हैं। नालियों की सफाई न होने से गली में गंदा पानी भरा रहता है। इससे गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी नियमित रूप से गांव नहीं आते। इस कारण गलियां गंदगी से पटी हुई हैं। नालियों का पानी आगे नहीं निकल पाता। यह गंदा पानी गली में ही बहता रहता है। महीनों से इस समस्या के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
क्षेत्रवासी विक्रम ने बताया कि सफाई न होने से यह समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। मोनू ने कहा कि जलभराव से बीमारियों का खतरा बना रहता है। बच्चों और महिलाओं को कीचड़ के बीच से आने-जाने में सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नाली पूरी तरह से नहीं बनी है, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। उन्होंने पंचायत प्रशासन से गली के बाहर तक नाली बनाने और सप्ताह में एक बार सफाई कराने की मांग की।
एडीओ पंचायत अशोक कुमार ने बताया कि उन्हें अभी तक मामले की शिकायत नहीं मिली थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मंगलवार को सफाई टीम भेजकर गली की सफाई कराई जाएगी।