फोटो 39: पुलिस की गिरफ्त घरेलू नौकरानी रुचि। स्रोत परिजन
-
सोशल साइट पर दोस्ती में घरेलू नौकरानी बनी चोर, भागने से पहले गिरफ्तार
क्रॉसर
-शिवा कॉलोनी में पांच माह पहले की थी लाखों की चोरी, दिल्ली भागने की थी फिराक में
-नौकरानी के पास से 76,700 रुपये की नकदी, और 70 हजार ऑनलाइन लेनदेन की रसीद बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। शिवा कॉलोनी में पांच माह पहले नौकरानी ने 15 लाख सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। सिविल लाइंस पुलिस ने नौकरानी को दिल्ली भागने से पहले गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से 76,700 रुपये नकद व 70 हजार के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की रसीद बरामद की है।
सिविल लाइंस थाने की टीम बुधवार को क्षेत्र में भ्रमणशील थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि शिवा कॉलोनी में हुई चोरी की घटना से संबंधित वांछित महिला सिया देवी हॉस्पिटल कट हाईवे के पास किसी वाहन के इंतजार में खड़ी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर की गई पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना नाम रुचि कठेरिया निवासी ग्राम नगला उदई बताया। उसने बताया कि वह शिवा कॉलोनी निवासी मिथलेश सक्सेना के घर पर झाड़ू-पोछा और अन्य घरेलू काम करती थी। इसी दौरान उसकी नीयत डोल गई। उसने दिसंबर 2025 में मौका पाकर घर में रखे चार सोने के कंगन, दो गले के हार, एक मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, एक अंगूठी और चांदी की पायल धीरे-धीरे चोरी कर ली। बाद में इन जेवरातों को उसने सुनारों और राह चलते राहगीरों को औने-पौने दामों में बेच दिया। उसने बताया कि सोशल साइट के माध्यम से उसकी दोस्ती एक युवक से हो गई थी। उस युवक के प्रभाव में आकर उसने चोरी के जेवरात बेचकर विभिन्न बैंक खातों धनराशि डाल दी थी। वह बची हुई रकम लेकर दिल्ली भागने की तैयारी में थी, लेकिन इससे पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गई। थानाध्यक्ष केके मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी घरेलू सहायिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।