इटावा/ भरथना/जसवतंनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को लगे आरोग्य मेले में 1296 मरीज आए। भरथना, चकरनगर क्षेत्र की पीएचसी में फार्मासिस्टों ने ही मरीज देखे। जसवंतनगर के बलरई स्वास्थ्य केंद्र पर खांसी का सीरप नहीं मिला।
शहर में उर्दू मोहल्ला स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. जेके चौधरी ने दोपहर 12 बजे तक 56 मरीज देखे। मड़ैया शिवनारायण स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर महिला चिकित्सक की तैनाती है, लेकिन वह अनुपस्थित रहीं। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे तक 67 मरीज आए थे। भरथना के पाली खुर्द प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट राजेश ओझा ने मरीजों को दवाएं दीं। दोपहर एक बजे तक बुखार, त्वचा आदि के मरीज आए। स्टाफ के अनुसार चिकित्सक की ड्यूटी सीएचसी में लगी हुए है। मरीज पूजा देवी, कमला देवी,सुखवीर ने बताया कि उन्हें फार्मासिस्ट ने दवाएं दी हैं।
जसवंतनगर के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरई पर 46 मरीज आए। खांसी के मरीजों को सीरप खत्म होने की वजह से नहीं मिल सके। चिकित्सक के अनुसार इसकी जिला स्तर पर रिपोर्ट भेज दी गई है। डॉ. विवेक गुप्ता ने बताया कि सबसे ज्यादा 17 मरीज खुजली के आए थे। जबकि बुखार के सात, हाइपरटेंशन के नौ, डायबिटीज के पांच मरीज आए।
चकरनगर के गांव हनुमंतपुरा पीएचसी पर करीब दो बजे तक फार्मासिस्ट दीनदयाल ने मरीज गुड्डी देवी, राधा देवी, दयाराम निवासी हनुमंतपुरा, कृष्णा, राजीव, जयप्रकाश निवासी सहसो समेत 20 मरीजों को दवा दी। गांव पिपरौली गढ़िया पीएचसी पर डॉ. वरुण चौधरी ने खुजली, सर्दी, बुखार के 15 मरीजों को दवा दी।