ऊसराहर । ऊसराहार और खरगपुर सरैया के सरकारी अस्पताल में इलाज के अभाव में रोगी भटक रहे हैं। दोनों अस्पतालों में डॉक्टरों की तैनाती है, फिर भी रोगियों को इलाज नहीं मिल रहा है। इतना ही नहीं सीएचसी पर तैनात डॉक्टर चार दिन से नहीं हैं।
जिलाधिकारी श्रुति सिंह ने आठ जून को ताखा में निरीक्षण के दौरान अस्पतालों की व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए थे। सरसईनावर सीएचसी पर निरीक्षण के दौरान अनुज गुप्ता, आनंद कठेरिया, अंकित गुप्ता ने सीएमओ से शिकायत की थी कि यहां तैनात महिला डॉक्टर श्वेता यादव, रश्मि यादव और एक्सरे टेक्नीशियन कभी नहीं आते हैं। ऊसराहार और खरगपुर सरैया के पीएचसी में महीनों से डॉक्टर नहीं आ रहे हैं। डीएम के सख्त निर्देश के बाद सीएमओ डॉ. भगवान दास ने सीएचसी की डाक्टर श्वेता यादव को पीएचसी खरगपुर सरैया और डॉ. रश्मि यादव को पीएचसी ऊसराहार में सप्ताह के तीन दिन सोम बुध और शुक्रवार को मरीज देखने के निर्देश दिए थे लेकिन इसका उन पर असर नहीं हुआ। ऊसराहार और खरगपुर सरैया के सरकारी अस्पताल आज भी पहले की तरह हैं।
बुधवार को तहसील ताखा के कस्बा ऊसराहार में डॉक्टर नहीं होने पर इलाज नहीं हो रहा है। वहीं सीएमओ डॉ. भगवान दास ने बताया उन्होंने दोनों अस्पतालों में डाक्टरों की तैनाती कर दी है। सीएचसी प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह से जानकारी ली गई तो पता चला डॉ. श्वेता यादव चार दिन से अस्पताल नहीं आई है। डॉ. रश्मि यादव सीएचसी पहुंची लेकिन तीन दिन के लिए ऊसराहार पीएचसी पर मरीज देखने नहीं गई । डॉ. वीरेन्द्र सिंह के मुताबिक दोनों डॉक्टरों को सोम बुध और शुक्रवार ऊसराहार और खरगपुर सरैया में मरीज देखने के लिए आदेश है।
सरसईनावर के ग्रामीणों के मुताबिक दोनों डॉक्टर यदा कदा ही सरसईनावर सीएचसी आती हैं। ग्रामीण अनुज गुप्ता, आनंद कठेरिया, अंकित गुप्ता ने जिलाधिकारी से दोनों डॉक्टर और एक्सरे टेक्नीशियन के खिलाफ जांच की मांग की है।