जिला चिकित्सालय में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ डा. आरके चौरसिया मंगलवार को इटावा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। जीआरपी ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल की ओटी में अचेतावस्था में पहुंचे डा. चौरसिया को प्राथमिक उपचार देकर सैफई रेफर कर दिया गया। डा. चौरसिया के दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने की सूचना पर डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मी दौड़कर अस्पताल पहुंचे।
मूल रूप से कानपुर निवासी डा. आरके चौरसिया मंगलवार को सुबह कानपुर जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे। वह प्लेटफार्म दो और तीन के बीच पड़ी बैंच पर बैठकर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। तभी उठकर किसी व्यक्ति से मोबाइल पर बात करने लगे। वह मोबाइल पर बात करते करते प्लेटफार्म दो पर अप ट्रेक की ओर किनारे जा पहुंचे। तभी वह तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। ट्रेन के इंजन की टक्कर से वह प्लेटफार्म पर दूर सिर के बल जा गिरे ।
सूचना पर पहुंचे जीआरपी एसआई शैलेंद्र कुमार गौड़, कांस्टेबिल धर्मेंद्र कुमार व नीरज ने एंबुलेंस से उन्हें गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डाक्टर चौरसिया की गंभीर अवस्था में देखकर स्वास्थ्य कर्मियों में हड़कंप मच गया और आननफानन में डाक्टरों ने उन्हें अस्पताल की ओटी में ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार देकर सैफई मिनी पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। इस बीच सैफई पीजीआई के न्यूरो सर्जन जिला अस्पताल पहुंच गए और एंबुलेंस में उन्हें साथ लेकर सैफई पीजीआई के लिए रवाना हुए।
डाक्टरों के अनुसार ट्रेन की टक्कर से डा. चौरसिया को हैड इंजरी हुई है। सैफई मिनी पीजीआई के डाक्टर उनके आपरेशन में लगे रहे। उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। डा. चौरासिया के दुर्घटना में घायल हाने की सूचना पर पूर्व सीएमओ डा. आरके नैय्यर, प्रशासनिक अधिकारी डा अनुज, डा. महेंद्र कुमार, डा. अनिल, डा. विष्णु महरोत्रा, डा. साहू, डा. दिनेश सिंह, डा. जयदेव, डा. मंगल सिंह आदि ने ओटी में पहुंचकर उनका हाल लिया।
यात्री चीखते रहे, मोबाइल ने नहीं सुनने दी आवाजें- इटावा। इटावा रेलवे स्टेशन पर हुई इस दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी यात्रियों का कहना था कि प्लेटफार्म की ओर तेजी से बढ़ रही मालगाड़ी तेज हार्न दे रही थी। यात्रियों ने डा. चौरसिया को प्लेटफार्म पर बिल्कुल किनारे जाते देखा तो वह जोर- जोर से चीखते हुए उन्हें गाड़ी आने का संकेत देने लगे, लेकिन मोबाइल में बातचीत के दौरान उनका ध्यान इस पर बिल्कुल नहीं गया और मालगाड़ी के इंजन के किनारे की जोरदार टक्कर उनको लगी, जिससे वह सिर के बल जा गिरे।