दुकान के सामने तिरपाल हटवाता पुलिस बल।
- फोटो : अमर उजाला
जिला कारागार का निरीक्षण कर कार्यालय लौट रहे डीएम की कार जाम में फंस गई। इसकी सूचना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने किसी तरह जाम खुलवाकर उनकी गाड़ी को निकाला। बाद में स्टेशन बजरिया में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया।
डीएम शमीम अहमद के साथ एसएसपी शिवहरी मीना मंगलवार सुबह जिला कारागार का निरीक्षण करने गए थे। निरीक्षण के बाद जब दोनों अधिकारी कार्यालय लौट रहे थे तो उनकी कार गेट के पास जाम में फंस गई। जेल के गेट के पास डग्गामारी करने वाले वाहनों के दोनों ओर खड़ा होने के कारण हमेशा जाम लगा रहता है। सड़क के दोनों ओर हथठेला वालों का कब्जा रहता है। लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी मूकदर्शक बने रहते हैं। डीएम की कार के जाम में फंसने के बाद पुलिस हरकत में आई और जाम खुलवाकर कार को निकलवाया। बाद में सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह राठौर मय फोर्स कें मौके पर पहुंचे और उन्होंने वाहनोें को खदेड़ा और दुकान के सामने लगे अतिक्रमण को हटवाया।