इटावा। ठंड के चलते 40 साल से अधिक उम्र के को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में डॉक्टर उनको एक्सरे कराने की सलाह दे रहे हैं। एक्सरे कक्ष में मरीजों की लंबी लाइन लग रही है। साथ ही डॉक्टर उन्हें ठंड से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
शनिवार को जिला अस्पताल में आए 471 मरीजों में से सांस लेने में दिक्कत होने के चलते 150 से अधिक का एक्सरे कराया गया। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक एक्स-रे कक्ष के बाहर लाइन लगी रही। बता दें कि ठंड में अस्थमा (दमा) के मरीजों की परेशानी बढ़ गई है। सांस लेने में तकलीफ व सीने में भारीपन की समस्या लेकर मरीज अस्पताल में पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रोजाना 25 से ज्यादा ऐसे मामले आ रहे हैं। हर दिन इनमें से तीन से चार को भर्ती करना पड़ रहा है।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. अजय शर्मा बताया कि इस समय खांसी जल्दी ठीक नहीं हो रही है। सांस के पुराने मरीजों की परेशानी बढ़ने के कारण दवा की डोज बढ़ानी पड़ रही है। ठंड के कारण लोगों की सांस की नली पर सूजन आ रही है। इसके लिए उनका एक्सरे कराना पड़ रहा है।
- सुबह-शाम खुली जगह में सैर व व्यायाम न करें।
- मास्क लगाकर ही बाहर निकलें।
- बुजुर्ग व सांस के पुराने मरीज, बच्चे व गर्भवती महिलाएं ज्यादा सावधानी बरतें।
- घर पर भाप ले सकते हैं।
-डॉक्टर से परामर्श के बाद ही दवा का सेवन करें।