सती मोहल्ले में युवक की बेरहमी से हुई हत्या की सनसनीखेज वारदात पर बुधवार को पूरे दिन तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
कोई मृतक भाई तो कोई हत्यारोपी बहन को दोषी मान रहा है। यही वजह दिख रही कि पुलिस भी अभी इस मामले में कुछ भी साफ साफ कहने से बच रही है।
हालांकि परिजनों व रिश्तेदार की बातों से इतना साफ है कि घटना के पीछे के कारणों को छुपाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है। कुछ मोबाइल नंबर भी सर्विलांस पर लगाए गए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के सती मोहल्ला निवासी सरल स्वभाव के विजय सिंह की तीन अविवाहित संतानों में बड़ा बेटा प्रदीप राजस्थान में प्राइवेट नौकरी करता है। बेटा दीपक व बेटी शशि उनके साथ रह रहे थे।
दीपक कंप्यूटर का कोर्स कर रहा था। मोहल्ले के कुछ लोगों ने दीपक के स्वभाव को भी ठीक बताया। वहीं कुछ लोगों ने दबी जुबान में वारदात के पीछे बहन की मजबूरी बताई। यह क्या मजबूरी रही। इसका जवाब नहीं मिला।
मृतक के मामा श्याम सुंदर का कहना रहा कि घटना के पीछे का कारण अभी छुपा हुआ है। मां मायादेवी ने एक दिन पहले दीपक से हुई बातचीत जिक्र किया। उनका कहना रहा कि मंगलवार सुबह 8 बजे दीपक अपनी मौसी को छोड़ने बेला गया था।
वहां से लौटने पर बेटे ने कहा था कि वह भी पति विजय सिंह के साथ बेला जाकर अपने नाना को देख आए। मंगलवार रात 8 बजे दीपक ने मां को फोन करके पूछा भी था कि क्या वह लौट रही है।
उन्होंने बुधवार तड़के लौटने को कहा था। फोन पर बातचीत के दौरान बेटे ने बहन से लड़ाई झगड़ा होने का कोई जिक्र नहीं किया था। मायादेवी ने रोते हुए बताया कि दोनों कभी नहीं लड़ते थे। भाई अपनी बहन से बहुत प्यार भी करता था। फिर भी पता नहीं किन वजहों से उसने उसे मार डाला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक दीपक की मौत ज्यादा खून बह जाने से हुई है। सती मोहल्ला की संकरी गली में विजयसिंह का प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की मदद से दो मंजिला मकान बना हुआ है।
वारदात ऊपर मंजिल में बने कमरे में हुई। बुधवार को एएसपी सिटी रामयश सिह व सीओ सिटी वैभव पांडेय ने मौके का जायजा लिया और आसपास लोगों से घटना के बारे में मालूमात की।
गली की एक महिला ने बताया कि रात करीब 12 बजे विजय के घर से तेज आवाज आ रही थी। टीवी भी चल रहा था।
शशि ने पूछने पर बताया कि भैया दीपक को उल्टी हो रही है। उधर, पुलिस ने बुधवार शाम करीब 5 बजे हत्यारोपी शशि का मेडिकल कराया। सीओ सिटी वैभव पांडेय ने बताया कि मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अधिक खून बह जाने का कारण सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।